Monday, September 21

मुंबई में मारवाड़ी-गुजराती सोशल काउंसिल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजित बागमार ने रखा देशव्यापी विस्तार का लक्ष्य

एक वर्ष में 700 से अधिक जिलों में कार्यालय और 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य

मुंबई। मारवाड़ी एवं गुजराती समाज के सामाजिक, राष्ट्रहित एवं राजनीतिक विकास तथा समाज के लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से स्थापित मारवाड़ी-गुजराती सोशल काउंसिल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह मुंबई में आयोजित हुआ। समारोह में काउंसिल के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं निदेशक मंडल के सदस्यों ने समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजित बागमार के मार्गदर्शन में काउंसिल के अध्यक्ष संपतलाल जैन के नेतृत्व में 25 सक्रिय एवं गतिशील सदस्यों ने पद एवं सामाजिक दायित्व की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं निदेशकों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजित बागमार ने कहा कि मारवाड़ी-गुजराती सोशल काउंसिल का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि देशभर में समाज के लोगों को एक मजबूत सामाजिक मंच उपलब्ध कराना है। काउंसिल सामाजिक समस्याओं के साथ-साथ प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य करेगी।

डॉ. बागमार ने बताया कि आगामी एक वर्ष में देश के 700 से अधिक जिलों में मारवाड़ी-गुजराती सोशल काउंसिल के कार्यालय स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही देशभर से 10 हजार से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने की व्यापक योजना पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि काउंसिल के आगामी वार्षिक अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन समाज की एकजुटता, सामाजिक विकास और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक मंथन का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

समारोह में अध्यक्ष संपतलाल जैन के साथ पूर्व अध्यक्ष राकेश नाहर, उपाध्यक्ष कीर्ति अजमेरा, प्रशांत जावेरी, भरत गर्ग, शैलेश मोदी एवं कुशल जैन, मुख्य सचिव किरण मेहता, संयुक्त सचिव दिव्या जैन, संगीता जैन, मंजू वैष्णवी, उत्तम सांघवी, राजेश पारिख तथा कोषाध्यक्ष मंगल हांडसेठ सहित अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक नेतृत्व उपस्थित रहे।

नवनियुक्त अध्यक्ष संपतलाल जैन ने कहा कि काउंसिल समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेगी और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी निदेशकों एवं कार्यकर्ताओं से सामाजिक सेवा, जनहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

समारोह के दौरान उपस्थित सामाजिक नेतृत्व ने अध्यक्ष संपतलाल जैन सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं निदेशक मंडल को शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि मारवाड़ी-गुजराती सोशल काउंसिल आने वाले समय में देशभर में एक प्रभावशाली सामाजिक मंच के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।

काउंसिल की ओर से मुंबई में संगठनात्मक विस्तार के साथ महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों में भी शाखाओं के गठन की दिशा में कार्य तेज करने की बात कही गई। समारोह ने समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार और राष्ट्रहित में सामूहिक भागीदारी का मजबूत संदेश दिया।

(सद्वार्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *